
सोलन। यदि बिजली का कनेक्शन लेते समय सही लोड की जानकारी टेस्ट रिपोर्ट में नहीं दी है तो आपका कनेक्शन कट सकता है। बिजली बोर्ड सेेक्शन लोड से अधिक बिजली खपत करने वाले घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसके लिए घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं का सर्वे किया जाएगा।
तर्क दिया जा रहा है कि बढ़ती खपत से लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर जलने के चलते बिजली बाधित रहने की समस्या बढ़ती जा रही है। लिहाजा ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित करके जुर्माना वसूलने की बात कही जा रही है। संगीन मामलों में कनेक्शन भी कट सकता है। बिजली बोर्ड की यह मुहिम बीबीएन में शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि जिला भर में यह मुहिम चलेगी।
इस तरह करते हैं उपभोक्ता चालाकी
बिजली कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को टेस्ट रिपोर्ट बोर्ड को सौंपनी होती है। इसमें प्रति प्वाइंट बिजली खपत का ब्योरा इंगित किया जाता है। खपत के हिसाब से बोर्ड कनेक्शन की सिक्योरिटी लेता है। ज्यादा सिक्योरिटी से बचने के लिए कुछ लोग चालाकी से रिपोर्ट में कम बिजली लोड भरते हैं, लेकिन खपत उनकी अधिक होती है। नतीजन बोर्ड के पास जितनी खपत का ब्योरा है, उससे अधिक लोड हो जाता है। इससे लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर जलने की समस्या पैदा होती है।
विद्युत कटों से मिल सकेगी निजात
जिन क्षेत्रों में क्षमता से अधिक लोड बढ़ जाता है, वहां पर ट्रांसफार्मर और अन्य बिजली के उपकरणों के जलने की समस्या भी बनी रहती है। विद्युत बोर्ड उपभोक्ताओं के मौजूदा समय में खर्च किए जा रहे लोड का विवरण तैयार करेगा। इससे बोर्ड के पास जितना लोड खर्च होगा, उसकी जानकारी रहेगी।
कई बार लोग थोडे़ से पैसे बचाने के चक्कर में बोर्ड को लोड की खपत के अनुसार जानकारी नहीं देते हैं। इस कारण बोर्ड के पास लोड बढ़ जाता है। विद्युत बोर्ड बद्दी के एक्सईएन केके बस्सी ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में एसडीओ और जेई को आदेश जारी कर दिए हैं। वह अपने क्षेत्र की टेस्ट रिपोर्टों की जानकारी हासिल करके कार्यालय में जमा करवाएं। – अनूप धीमान, अधीक्षण अभियंता, विद्युत बोर्ड सोलन
