
राजगढ़ (सिरमौर)। पंजाब के शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूखा ने प्रसिद्ध गुरुद्वारा बडू साहिब का दौरा किया और गुरुद्वारे में माथा टेका। इस मौके पर उन्होंने कलगीधर ट्रस्ट की ओर से संस्कार मिश्रित शिक्षा में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के संस्थापक बाबा इकबाल सिंह 888 वर्ष की आयु में जो मानव सेवा का कार्य कर रहे हैं उसकी मिसाल मिलना कठिन है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ट्रस्ट को पहले ही हर संभव सहायता देती रही है और भविष्य में भी हर प्रकार की सहायता देगी। समाज के दुर्गम क्षेत्रों और पिछड़े वर्ग के लिए किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय है और समाज में इसके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने ट्रस्ट की ओर से चलाए जा रहे सभी प्रकल्पों और इटरनल विश्वविद्यालय आदि का दौरा किया। इससे पूर्व अकाल स्कूल के बच्चों ने शब्द कीर्तन कर उनका स्वागत किया तथा उन्हें गुरुद्वारे में सिरोपा भी भेंट किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के उपकुलपति डा. मनमोहन सिंह अटवाल तथा डीन डा. हरचरण सिंह धालीवाल सहित सैकड़ों बच्चे और लोग उपस्थित थे।
