
शिमला। समर फेस्टिवल पहली जून से आरंभ होगा। इस बार सिर्फ पहली संध्या रात बारह बजे समाप्त होगी जबकि शेष चार दिन रात दस बजे के बाद धूम धड़ाका बंद कर दिया जाएगा। इस बार पंजाबी पॉप गायक दिलेर मेहंदी और कामेडियन भगवंत मान स्टार कलाकार होंगे। दूसरी संध्या हिमाचली लोक कलाकार के नाम रहेगी। चार जून को मिस शिमला प्रतियोगिता और फैशन शो होगा। प्रदेश विश्वविद्यालय, आईजीएमसी आडिटोरियम और गेयटी थियेटर में भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे। मंगलवार को उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पहली जून को रात आठ बजे करेंगे। समापन अवसर पर राज्यपाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। ग्रीष्मोत्सव के पांच दिन शाम पांच से छह बजे तक स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। छह से आठ बजे हर रोज हिमाचली कलाकार अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे।
दिन समय कार्यक्रम
पहली जून आठ से बारह बालीवुड गायक पूर्णिमा, ऐश्वर्या, प्रिया, अनिल, यशराज और कपिल देंगे प्रस्तुति
दो जून आठ से दस हिमाचल गायक विक्की चौहान, कुलदीप शर्मा, हेमंत शर्मा, कृतिका और गीता भारद्वाज
देंगे प्रस्तुतियां
तीन जून आठ से साढे़ आठ उत्तरप्रदेश और राजस्थान का लोकनृत्य
साढ़े आठ से दस कामेडियन भगवंत मान, सुमेरू संध्या और साहिल जगतियारी प्रस्तुति देंगे
चार जून आठ से दस मिस शिमला प्रतियोगिता और फैशन शो (मार्क राबिनसन जज होंगे)
पांच जून आठ से दस पंजाबी स्टार गायक दिलेर मेहंदी की नाइट
कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
29 मई से 31 मई तक शाम पांच से सात बजे तक रिज मैदान पर बैंड शो, स्थानीय स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम, कांगड़ा, चंबा और मंडी का लोकनृत्य। 31 मई को सुबह सात बजे रिज मैदान से हिपा गेट और संजौली चौक से वापस रिज तक हाफ मेराथन। पहली जून से पांच जून तक आशियाना रेस्तरां में हिमाचली फूड फेस्टिवल। 29 मई से पहली जून गेयटी थियेटर में पेंटिंग प्रतियोगिता और दो से पांच जून तक गेयटी थियेटर और 31 मई को आईजीएमसी आडिटोरियम में पेंटिंग प्रदर्शनी। दो जून को प्रदेश विश्वविद्यालय और तीन जून को आईजीएमसी में रॉक बैंड कांसर्ट का आयोजन। 31 मई से दो जून तक पदमदेव कांप्लेक्स के पास फ्लावर शो। तीन जून से 13 जून तक आईस स्केटिंग रिंक शिमला में गांधी शिल्प मेला। तीन जून को सुबह नौ बजे से साढ़े तीन बजे तक रिज मैदान के रेन शेल्टर में बेबी शो और तीन तीन को दोपहर तीन बजे रिज मैदान पर डॉग शो।
