
रोहडू। डोडरा क्वार के दूरदराज गांव जिस्कून में सोमवार को एक युवक नदी में डूब गया है, लेकिन दूसरे दिन भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और स्थानीय लोग मंगलवार को दिन भर युवक की तलाश करते रहे।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिस्कून गांव निवासी 22 वर्षीय युवक सुभाष अपनी गाय चरा रहा था। इसी बीच सुभाष गाय को रुपिण नदी पर लगे कच्चे पुल पर से नदी पार करवा रहा था। इस दौरान युवक और गाय का अचानक संतुलन बिगड़ गया और दोनों में गिर गए। कुछ दूरी पर काम कर रहे मजदूरों ने दोनों को नदी में गिरते हुए देखा और इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस चौकी क्वार में दी। लोगों का मानना है कि सुभाष की नदी में डूबने से मौत हो गई है और नदी के तेज बहाव के साथ उसका शव भी काफी दूर बह गया है। सुभाष के पिता जुलगी राम भी अपने 22 वर्षीय बेटे की खोज में मंगलवार को दिन भर नदी के किनारों के चक्कर काटते रहे।
डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने इसकी पुष्टि की है कि युवक नदी के तेज बहाव में डूब गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम और लोग भी युवक की तलाश में लगे हुए हैं।
