
राजगढ़ (सिरमौर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने बाल विकास परियोजना राजगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 15 पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी है। बाल विकास परियोजना अधिकारी मीना सूद ने इस आशय की सूचना देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र राजगढ़ वार्ड नंबर एक, मावगा, बांगी, कोटी पधोग, भुज्जल तथा पाब में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के छह पदों के लिए तथा आंगनबाड़ी केंद्र सयारला, कोठिया, दाहन, बडूसाहिब एक, कुडू लवाणा, कोटली सधोडी तथा कश्मली में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के सात पदों और आंगनबाड़ी केंद्र कोलन व कालबाग में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के दो पदों के लिए इच्छुक प्रत्याशी अपने आवेदन सादे कागज पर उनके कार्यालय में सात जून तक जमा करवा सकते हैं। इसके लिए केवल वह महिला प्रत्याशी चाहे वह अविवाहित हो या विवाहित हो, आयु 21 से 45 वर्ष हो, उसी केंद्र की स्थायी निवासी हो, परिवार की आय बीस हजार रुपए से अधिक न हो आवेदन कर सकती है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए दसवीं तथा आंगनबाड़ी सहायिका के लिए आठवीं कक्षा वांछित है। पात्र उम्मीदवारों को साक्षात्कार की सूचना बाद में दी जाएगी। इसके लिए साक्षात्कार समिति के अध्यक्ष एसडीएम राजगढ़ होंगे, जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी सदस्य सचिव तथा सहायक बाल विकास परियोजना अधिकारी चंदोल सदस्य होंगे। साक्षात्कार में कुल पच्चीस अंक निश्चित किए गए हैं। इसमें मौखिक साक्षात्कार के लिए मात्र चार अंक हैं। शेष 21 अंकों का वितरण निर्धारित योग्यताओं अनुसार निश्चित किया गया है।
