
मुबारिकपुर (ऊना)। स्वास्थ्य सेवाओं के हाल बेहाल हैं। मरीज रात भर दर्द से तड़पता रहता है, उसे पूछने वाला कोई नहीं। एक से दूसरे अस्पताल में मरीज को भेजा गया। मामला संघनई इलाके का है। यहां के अर्जुन दास ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्हें रविवार पेट में तेज दर्द शुरू हो गई। उनका पुत्र यशपाल उन्हें क्षेत्र के सरकारी अस्पताल ले गया। जहां पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें पाइप लगाने का प्रयास किया, लेकिन पाइप लगाते समय खून बहने लगा। स्थिति खराब होती देख वहां तैनात कर्मचारियों ने उसे इंजेक्शन दिया और ऊना के लिए रेफर कर दिया।
क्षेत्रीय अस्पताल में भी हालात नहीं बदले। एंबुलेंस के जरिये मरीज आने के बाद भी किसी तरह की सुविधा नहीं दी गई। रात भर वे दर्द से तड़पते रहे। किसी ने सुध नहीं ली। जिस कारण वह रात भर दर्द से तड़पते रहे। अर्जुन दास ने स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह से इस प्रकरण की जांच करवाने की मांग की है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीआर कौशल का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है। अर्जुन दास के मामले की जांच करवाई जाएगी। उन्हें उपचार देने में जहां भी कोताही पाई जाएगी, विभाग कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।
