
हमीरपुर। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के एक गुट द्वारा जिला में चुनावी प्रक्रिया की घोषणा के पश्चात कर्मचारी राजनीति में हलचल मचने की संभावना है। चुनावी प्रक्रिया की घोषणा के साथ ही दूसरा गुट भी सक्रिय हो गया है तथा कर्मचारियों से किसी के बहकावे में न आने का आग्रह किया। दूसरे गुट ने भी चुनावी प्रक्रिया की घोषणा करने के साथ ही 27 मई को बैठक करने की घोषणा कर दी है।
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला हमीरपुर के प्रधान मानचंद राणा, महासचिव संजीव प्रभाकर ने कर्मचारियों से आग्रह किया कि कुछ स्वयंभू नेता महासंघ के नाम का दुरुपयोग कर चुनावी कार्यक्रम घोषित करने की चेष्टा कर रहे हैं जो निराधार एवं सत्य से परे है। इन लोगों का कर्मचारी महासंघ से कोई लेना देना नहीं है। वर्षों से एकला चलो की नीति अपनाए हुए हैं और कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने 22 मई को चुनावों की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया है। 23 जून तक खंड स्तरीय चुनाव सम्पन्न करवा लिए जाएंगे। 5 जुलाई से पूर्व जिला कार्यकारिणी का गठन नए सिरे से कर लिया जाएगा। 27 मई को अराजपत्रित कर्मचारी भवन में महासंघ की बैठक बुलाई गई है, जिसमें वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करके कार्यवाहक कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उसी दिन निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति भी की जाएगी।
प्रधानों से आग्रह किया जाता है कि उसी दिन महासंघ की सदस्यता की रसीद बुक भी प्राप्त करके सदस्यता अभियान जोर शोर से प्रारंभ कर दें। स्वयंभू नेताओं से दूर रहें और उनके द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। अनुशासनहीनता और संगठन को तोड़ने के प्रयास कतई सहन नहीं किए जाएंगे।
