
गैहरा (चंबा)। ग्राम पंचायत बरेई के सादूण गांव में चार दिन से बिजली नहीं है। इसके अलावा डेढ़ दर्जन के करीब गांवों में बिजली के कट लग रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गदियाड़ा, फाट, बटणु, सादूण एक और दो, चौबू गला, पालेई, अंदरोंद, तुर, दाडवीं, खलोट, मड़ासा, तंगणी, सकराल और बरेई गांवों में पिछले लगभग एक हफ़्ते से बिजली की आंख मिचौली चल रही है। कई-कई घंटों तक विद्युत कट लग रहे हैं। इसके अलावा सादूण गांव में तो चार दिन से बिजली गुल है। इसके चलते 30 के करीब परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी गोविंद, मान सिंह, प्रिथो, पूर्ण, अमी चंद, विष्णू, ओम प्रकाश, बाल कृष्ण, दूनी चंद ने बताया कि बिजली न होने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा खाना पकाने में भी मुश्किलें पैदा हो रही है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु की जाए। इस संदर्भ में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता देस राज ने बताया कि लाइन में खराबी आ गई है। इस कारण दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि अवकाश के दिन भी बोर्ड के कर्मचारी लाइन को ठीक करने में जुटे हैं। जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
