
रामपुर बुशहर। आधार कार्ड बनाने के लिए कार्यालय में पुख्ता इंतजाम न होने से गुस्साए लोगों ने कंपनी के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। रविवार को डीम पंचायत से निरमंड ब्लाक कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से पंचायत स्तर पर आधार कार्ड बनवाने की मांग उठाई। इस संबंध में ग्रामीणों ने निरमंड पुलिस थाना प्रभारी गंभीर सिंह के माध्यम से जिला उपायुक्त कुल्लू को प्रस्ताव भी भेजा।
डीम पंचायत के प्रधान पूर्ण ठाकुर, पूर्व प्रधान एलआर ठाकुर, नारायण दास, फूला देवी, पंछी राम, मानचंद, किशोरी लाल, रामेश्वरी ठाकुर, कुलदीप और पूने राम आदि ग्रामीणों ने निरमंड ब्लाक कार्यालय में आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि कंपनी ने पंचायत से लोगों को बुला तो लिया, मगर यहां पुख्ता इंतजाम न होने से उन्हें परेशानी पेश आई। पंचायत प्रधान के मुताबिक रविवार को डीम पंचायत से करीब तीन सौ लोग आधार कार्ड बनवाने निरमंड पहुंचे थे। मगर, शाम तक कंपनी सिर्फ सत्तर लोगों के आधार कार्ड ही बनवा पाई। इस तरह बाकी लोगों को वापस लौटना पड़ा। पंचायत प्रधान समेत अन्य लोगों ने मांग की कि आधार कार्ड पंचायत स्तर पर ही बनाए जाएं। इसके बारे में ग्रामीणों ने एसएचओ के माध्यम से जिला उपायुक्त को ज्ञापन भेजा और कहा कि इस मांग पर जल्द अमल किया जाए। इधर, पुलिस थाना प्रभारी ने कहा कि ग्रामीणों का प्रस्ताव जिला उपायुक्त को भेजा रहा है।
