
जुब्बल (शिमला)। भाजपा मंडल ने कांग्रेस नेताओं पर पराला सब्जी मंडी तथा ठियोग-हाटकोटी डबल लेन सड़क को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान, महामंत्री उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष ओमकार तेगटा, इंद्र चौहान, महामंत्री गोपाल जबैईक, मंडल प्रवक्ता राकेश शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष चेत राम आजाद, प्रताप चौहान, नरेंद्र छोटू चौहान, रेखा चौहान, रजनी स्लाकटा, रीता चौहान, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष महासू रविंद्र चौहान, वरिष्ठ कार्यकर्ता किताब सिंह नेगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरबंस धोलटा, अशोक चौहान, कृष्ण चंद मांटा, गोविंद नेगी, किशोर शर्मा, बिनु सुबरेटा, दिग्विजय ठाकुर, रितेश भीमटा, बालक राम चौहान ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ठियोग-हाटकोटी सड़क को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सड़क का टेंडर भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में रद करवाकर सड़क की नई डीपीआर तैयार कर विश्व बैंक को भेजी थी। सड़क के लिए 304 करोड़ रुपये विश्व बैंक से स्वीकृत करवाए गए थे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी विधानसभा सत्र में बजट के प्रावधान की बात कही है। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही पराला सब्जी मंडी निर्माण को राजनीतिक आधार पर बंद करने की घोषणा की। बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने पराला मंडी को शिफ्ट करके ठियोग के शिलारूमें तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी का निर्माण शुरू कर दिया है। लेकिन, विधायक रोहित ठाकुर पराला सब्जी मंडी का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की घोषणा कर लोगाें को गुमराह कर रहे हैं। जबकि, पराला मंडी के लिए पूर्व बागवानी मंत्री ने करोड़ों रुपये की बजट की व्यवस्था की थी। कांग्रेस जुब्बल कोटखाई की जनता के साथ षड्यंत्र कर रही है, जिसकी भाजपा कडे़ शब्दों में निंदा करती है।
