
अल्मोड़ा। भनोली तहसील में पनार और सरयू नदी से धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। भनोली के उप जिलाधिकारी सीएस डोभाल ने शुक्रवार रात अवैध रूप से रेता लेकर जा रहे दो वाहनों को सीज कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
शुक्रवार रात एसडीएम सीएस डोभाल के नेतृत्व में राजस्व पुलिस ने गुरुड़ाबांज तहसील के पास अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सड़क में वाहनों की तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ट्रक संख्या यूके04-सीए-4838 और यूके01-सीए-0470 में रेत लदा था लेकिन चालक के पास रेत ले जाने का कागज (रवन्ना) नहीं था। एसडीएम ने बताया कि दोनों वाहनों को अवैध खनिज परिवहन और भंडारण निवारण नियमावली 2005 नियम तीन धारा 4/21 के तहत सीज कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है। मालूम हो कि पनार और सरयू नदी में लंबे समय से खनन का अवैध कारोबार चल रहा है। प्रशासन कभी कभार अभियान चला कर कार्रवाई करता है लेकिन कुछ समय बाद ही कारोबारी फिर सक्रिय हो जाते हैं। इधर क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से लोगों को उचित दर पर खनिज सामग्री उपलब्ध कराने और अवैध धंधेबाजी में रोक लगाने को पनार तथा सरयू नदी से खनन के पट्टे जारी करने की मांग की है।
