बवाना की सैकड़ों झुग्गियां खाक

नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार तड़के अलग-अलग दो जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। बवाना इलाके में तड़के लगी आग में सैकड़ों झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। दमकल की करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई। वहीं, अन्य मामले में पश्चिमी दिल्ली के नगली सक्रावत इलाके में केमिकल की एक फैक्टरी में आग लग गई। दमकल की करीब 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। दोनों ही मामले में पुलिस आग का कारण शॉर्ट सर्किट बता रही है।
बवाना इलाके में शनिवार तड़के करीब 3:10 बजे पुलिस और दमकल को सूचना मिली कि जे जे कॉलोनी बवाना में आग लग गई है। दमकल कर्मियों ने करीब 5:00 बजे आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक आग में करीब पांच सौ झुग्गियां जलकर खाक हो गई। पश्चिमी दिल्ली के नगली सक्रावत इलाके में केमिकल फैक्टरी में आग लग गई। पेंट का सामान, प्लास्टिक और थिनर आदि होने के कारण आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। दमकल की करीब 10 गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पुलिस दोनों मामलों में छानबीन कर रही है।

Related posts