
नई दिल्ली। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक सिपाही ने ईमानदारी का परिचय देकर दिल्ली पुलिस को गौरवान्वित कर दिया। सिपाही ने एक्सरे मशीन पर यात्री के छूट गए एक बैग को उसे लौटा दिया। बैग में चार लाख रुपये व आईपेड था। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सिपाही को इनाम देने की घोषणा की है। क्राइम एंड रेलवे के अतिरिक्तपुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि मयूर विहार फेज-2 निवासी शैलेंद्र धर शुक्रवार को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से छत्तीसगढ़ जाने वाले थे। निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर शैलेंद्र ने एक्सरे मशीन पर रुपयों से भरा बैग रख दिया लेकिन उसे उठाना भूल गए। प्लेटफॉर्म पर उन्हें बैग का ध्यान आया। काफी देर तलाश करने के बाद जब बैग नहीं मिला तो वे शाम करीब 6.30 बजे निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाने पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि शैलेंद्र ने अपना बैग एक्सरे मशीन पर रखा था। अभी छानबीन चल ही रही थी कि इसी सिपाही धर्मवीर एक बैग लेकर थाने पहुंचा। उसने बताया कि कोई बैग छोड़ गया है, जिसमें लाखों रुपये और आईपेड है। वहां मौजूद शैलेंद्र ने अपने बैग को पहचान लिया। इसके बाद उसे बैग दे दिया गया।
