
नई दिल्ली। दिल्ली-फरीदाबाद रूट पर इलेक्ट्रिक वायर टूट जाने से इस रूट पर चलने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। ट्रेनों का आवागमन करीब दो घंटे से अधिक समय तक ठप रहा। कड़ी मशक्कत के बाद इस ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बहाल हुआ। इसके कारण हजारों यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
शनिवार को दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के समीप सुबह 4:15 बजे अचानक से ओवर हेड ट्रेक्शन वायर (ओएचई) टूट गया। इसके कारण एक दर्जन से अधिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें लेट से चलीं। शुरू के करीब दो घंटे तक यानी सुबह छह बजे तक इस रूट पर रेल सेवा पूरी तरह से ठप रही। रेलवे के अनुसार, स्वराज एक्सप्रेस, कोटा निजामुद्दीन स्पेशल, देहरादून एक्सप्रेस, मालवा, दादर, उदयपुर, इंटरसिटी, दक्षिण एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति, जबलपुर इंटरसिटी, निजामुद्दीन एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ समेत कई लोकल ट्रेनें घंटो लेट से चलीं। ये ट्रेनें जगह-जगह रोक दी गई थीं।
