
शिमला। राजधानी की बहुमंजिला इमारतों में अवैध तरीके से लगाए गए टुल्लू पंपों से हजारों लोगों को पीने के पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। गरमी के मौसम में लो प्रेशर के चलते लोगों ने टुल्लू पंप चलाने शुरू कर दिए हैं। शहर में कई लोगों ने अवैध तरीके से धरातल मंजिलों पर टुल्लू पंप लगाए हैं। कई लोगों को तो चार से पांच हजार लीटर पानी मिल रहा है, वहीं अधिकांश आबादी को पांच सौ लीटर पानी भी नसीब नहीं हो रहा। शिमला के वीरखाना, खलीनी, हिमलैंड, न्यू शिमला, विकासनगर, मिडल बाजार, लोअर बाजार और संजौली में कई लोग पहले धरातल मंजिल पर रखी पानी की टंकियों को भर रहे हैं फिर अवैध तौर पर टुल्लू पंप लगाकर पानी को छत पर रखी टंकियों तक पहुंचा रहे हैं। टुल्लू पंप लगाकर ये लोग तो डबल कोटा जमा कर रहे हैं लेकिन बाकी लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। नगर निगम ने कार्रवाई के नाम पर इस सीजन में अभी तक एक भी टुल्लू पंप जब्त नहीं किया है और न ही किसी का कनेक्शन काटा है।
…
फील्ड स्टाफ सब कुछ जानकर भी अंजान
शहर में कहां-कहां अवैध तौर पर टुल्लू पंप लगाए हुए हैं, इसकी जानकारी निगम के फील्ड स्टाफ को भी है। बावजूद इसके फील्ड स्टाफ ऐसे लोगों की जानकारी विभागीय अधिकारियों तक नहीं पहुंचा रहा है। स्थानीय लोग रोजाना फील्ड कर्मियों को लो प्रेशर की शिकायत भी करते हैं लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
टुल्लू पंप लगाया तो कटेगा कनेक्शन
निगम अभियंता विजय गुप्ता ने कहा कि शहर में पानी की चोरी, टुल्लू पंप लगाने और ओवर फ्लो टंकियों की जांच करने के लिए विशेष कमेटी बनाई गई है। टंकी ओवर फ्लो होने पर कई लोगों के अस्थायी तौर पर कनेक्शन भी प्लग किए गए हैं। टुल्लू पंप लगाने वालों के कनेक्शन भी काटे जाएंगे। शहर की जनता अपने नजदीकी नगर निगम दफ्तर में टुल्लू पंप लगाने वाले लोगों की सूचना दें।
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करें : आयुक्त
आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि निगम दफ्तरों में लोगों द्वारा बताई जाने वाली समस्याओं और शिकायतों पर फौरन कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत रजिस्टर में दर्ज की जाए। वे किसी भी दिन औचक निरीक्षण कर इसकी जानकारी जुटाएंगे। अगर कोताही पाई गई तो कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इन नंबरों पर करें सूचित
आफिस फोन नंबर
कंट्रोल रूम : 2658916
चौड़ा मैदान : 2813671
छोटा शिमला :2623760
कसुम्पटी : 2620913
न्यू शिमला : 2670569
संजौली : 2842131
सब्जी मंडी : 2652519
