
मंडी। प्रचंड गर्मी में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। बल्ह क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पिछले कई दिन से नियमित पेयजल आपूर्ति न होने से लोग खासे परेशान हैं। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैहना, भडयाल, चंडयाल, गागल व सकरोहा आदि में लोगो के घरों में दो दिन बाद विभागीय सप्लाई आ रही है, लेकिन दो दिन बाद भी यह सप्लाई महज कुछ देर के लिए आ रही है। जो एक आदमी के लिए भी पर्याप्त नहीं है। ऐसे में नहाने, कपड़े धोने एवं पशुओं के लिए लोगाें को पानी लाने दूर प्राकृतिक स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय खेम चंद, राजू राम, डूम राम, ओम चंद, मान सिंह, रूपलाल, शंकर दास, उत्तम चंद, देसराज, नानक चंद, प्रताप सिंह, लीलाधर, वीर सिंह, देवराज, शोभाराम, धर्म चंद, जगदीश, प्रेम सिंह, निक्का राम, महेंद्र, पूर्ण चंद, सिधुराम, घनश्याम, भगत, सुभाष, यशपाल व रणजीत आदि का कहना है कि विभाग द्वारा उन्हें दो दिन में एक बार ही कुछ देर केलिए पानी की आपूर्ति की जा रही है, जो किसी भी सूरतेहाल पर्याप्त नहीं है। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा बल्ह क्षेत्र केलोगों के लिए राजगढ़ स्थित नैहर से उठाऊ पेयजल एवं सिंचाई सुविधा दी गई है, मगर पेयजल किल्लत के साथ पिछले पांच माह से सिंचाई कूहल में भी पानी नहीं आ रहा है। उक्त लोगों ने बताया कि बैहना गांव से एक किमी पीछे सिंचाई कूहल क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसका मरम्मत कार्य पिछले पांच माह से चल रहा है। यह कार्य आज तक पूरा नहीं हो रहा, जबकि किसानों के खेत खलिहान सूखे पड़ गए हैं। लोगों ने विभाग को चेताया है कि शीघ्र पानी की नियमित आपूर्ति नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन पर उतर जाएंगे। उधर, इस बारे में विभागीय एसडीओ सत्या शर्मा का कहना है कि भडयाल-बैहना के लिए नई पेयजल योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बल्ह-सीहन के लिए आज ही अस्थाई तौर पर नया पंप लगाया गया है, जिससे लोगाें को पानी की सप्लाई की जाएगी।
