
मंडी। सदर मंडल भाजपा पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को मंडलाध्यक्ष डीडी ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंडी लोकसभा उप चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। इसमें सदर निर्वाचन क्षेत्र को चुनावी कार्यक्रम के संचालन को गति प्रदान करने के लिए सात जोन में बांट कर प्रभारी नियुक्त किए गए। जोन प्रभारी पार्टी प्रत्याशी के कार्यक्रमों, बाहर से आए पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने जोन का प्रचार एवं प्रसार देखेंगे। बैठक में हिमाचल के उन तीन जवानों को श्रद्धांजलि दी गई, जो उग्रवादियों से लड़ते हुए शहीद हो गए। इस अवसर पर पूर्व विधायक कन्हैया लाल, महामंत्री राम लाल, दीपक, उपाध्यक्ष मयूर प्रकाश, कपूर सिंह, बालक राम, ललित, सचिव टेक चंद, जय सिंह, पायल व अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष कपूर चंद भी उपस्थित थे।
भाजपा मंडी लोकसभा उपचुनाव में जयराम ठाकुर को प्रत्याशी घोषित करने पर खुश है। पार्टी कार्यकर्ता सोमवार को जयराम ठाकुर का मंडी आने पर अभिनंदन करेंगे। प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य ने बताया कि इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने में महिलाओं और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। यूपीए सरकार की नाकामी और घोटाले इस चुनाव के मुख्य मुद्दे रहेंगे। वहीं भाजयुमो जिला महामंत्री मुनीश मल्होत्रा ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जयराम ठाकुर को विजयी बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मंडी लोकसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित करने पर पंकज कपूर जिला मीडिया संयोजक, निशांत शर्मा जिला मीडिया सह-संयोजक, पंकज शर्मा प्रेस सचिव, दीपक गुलेरिया मंडी सदर महामंत्री, पाल वर्मा भाजयुमो जिलाध्यक्ष, अतुल वैद्य सदर भाजयुमो महामंत्री व लाल सिंह देशबंधु प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा ने भाजपा संसदीय बोर्ड का आभार जताया है।
