660 रुपये में लीजिए आईटी शिक्षा

चंबा। आईटी शिक्षा के लिए अब एससी वर्ग से संबंधित बीपीएल के परिवारों को फीस में रियायत दी जाएगी। उन्हें साल भर में 55 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से मात्र 660 रुपये फीस देनी पड़ेगी। यह व्यवस्था शिक्षा विभाग की ओर से अप्रैल 2013 से शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक पहले आईटी एजूकेशन के लिए बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाले एससी वर्ग के छात्रों को 110 रुपये फीस अदा करनी पड़ती थी। हालांकि विभाग की ओर से एक साल के बाद 50 फीसदी फीस वापिस कर दी जाती थी, लेकिन अब शुरू से ही उन्हें 55 रुपये ही फीस भरनी पड़ेगी। इससे छात्रों को काफी सहूलियत मिलेगी। मौजूदा समय में जिला के 55 के करीब स्कूलों में आईटी शिक्षा प्रदान की जाती है। इसमें लगभग 204 एससी बीपीएल परिवार से संबंधित छात्र आईटी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि एससी वर्ग के बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाले छात्रों को 50 फीसदी फीस अदा करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्कूल मुखिया को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बाक्स
विभाग को मिला आईटी एजूकेशन का बजट
पिछले वर्ष का आईटी एजूकेशन का बजट शिक्षा विभाग के पास पहुंच गया है। विभाग की ओर से विभिन्न स्कूलों में एक लाख 23 हजार 590 रुपये की राशि चेक के माध्यम से जारी कर दी है। शिक्षा विभाग के नोडल अफिसर अजय चौहान ने स्कूल मुखियों को निर्देश दिए हैं कि आईटी एजूकेशन की राशि छात्रों को जल्द वितरित कर दें। इसके अलावा प्राप्ति सूचना पत्र शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें।

Related posts