रुक सकती है तीन हजार पेंशनरों की पेंशन

चंबा । जिला कल्याण विभाग के आदेशों के बावजूद पेंशनर अपना आधार नंबर और खाता संख्या जमा नहीं करवा रहे हैं। कल्याण विभाग के करीब 24 हजार पेंशनरों में से करीब 3 हजार पेंशनरों ने अपने आधार खाता नंबर जमा करवाए हैं। इससे पेंशनरों की आगामी त्रैमासिक पेंशन रोकी जा सकती है। पेंशनरों की ओर से रुचि न दिखाने के कारण सरकारी कार्य उधर में लटक गए हैं। कल्याण विभाग ने पेंशनरों को करीब दो माह पूर्व आधार और बैंक खाता संख्या जमा करवाने के आदेश दिए थे। बाकायदा पेंशन की रसीद में विभाग ने लिखित आदेश पेंशनरों को जारी किए थे। विभाग ने उस दौरान कहा था कि खाता और आधार नंबर प्राप्त होने के बाद पेंशनरों की पेंशन सीधे खाते में डाली जा सकती है, लेकिन करीब दो माह का समय बीतने के बाद भी यह कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। कल्याण विभाग का कहना है कि पेंशनरों को आदेश दिए गए हैं कि जल्द आधार और खाता संख्या की प्रतियां कार्यालय में जमा करवाएं। इसके बावजूद इक्का दुक्का पेंशनर ही अपने आधार और बैंक खाता नंबर की फोटो प्रतियां जमा करवाने के लिए कल्याण विभाग के कार्यालय में पहुंच रहे हैं। पेंशनरों की ओर से बरती जा रही सुस्ती से सीधे खातों में पेंशन डालने की योजना खटाई में पड़ती दिख रही है। विभाग ने हाल ही में पेंशनरों को दोबारा जल्द आधार नंबर जमा करवाने के आदेश पेंशनरों को जारी किए हैं। जिला के प्रत्येक तहसील कल्याण कार्यालय में पेंशनरों के इन कागजातों को लेने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद भी पेंशनर खाता संख्या और आधार संख्या जमा करवाने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। कार्यकारी तहसील कल्याण अधिकारी सुरजीत मांडला ने बताया कि पेंशनरों को जल्द आधार और खाता संख्या जमा करवाने के बारे में बता दिया गया। उन्होंने पेंशनरों से आग्रह किया है कि अतिशीघ्र इसकी प्रतियां संबंधित तहसील कल्याण कार्यालय में जमा करवाएं।

Related posts