केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल

सैंज (कुल्लू)। हिमाचल किसान सभा और सीटू की बंजार ब्लाक इकाई ने संयुक्त रूप से सैंज में विभिन्न मांगों को लेकर रैली निकाली। दोनों संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सैंज बाजार होते हुए उप तहसील कार्यालय तक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तहसील कार्यालय के बाहर जनसभा में किसान सभा के जिलाध्यक्ष नारायण चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां लागू होने से किसानों और मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उचित मुआवजे का प्रावधान किए बिना किसानों की जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। कड़ी मेहनत के बावजूद किसानों को उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान सभा की बंजार इकाई के सचिव मोती राम ने कहा कि सैंज घाटी के कई गांवों में अभी भी आदिकाल जैसी स्थिति है। बिजली और पानी की व्यवस्था न होने से लोग घुटन महसूस करने लगे हैं। सीटू नेता नेसर सिंह ने कहा कि प्रदेश में श्रम कानून को सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा है। सरकार की लापरवाही के चलते मजदूरों का शोषण हो रहा है।
संयुक्त कमेटी ने नायब तहसीलदार सैंज के माध्यम से दस सूत्रीय मांग सीएम को भेजा। इस मांग पत्र में सैंज से नियुली, रैला और मनहम के लिए सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की गई। मांग पत्र में श्रम कानून को सख्ती से लागू करने और कामगारों को न्यूनतम वेतन दस हजार रुपए मासिक देन की मांग की गई। रवि चौहान, शेर नेगी, विनय चौहान, यान सिंह, महेंद्र सिंह, युगल किशोर और जसवंत सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया।
किसान सभा व सीटू 27 को पतलीकूहल में धरना देगी
कुल्लू। आम जनता व किसान-मजदूरों से जुडे़ मुद्दों को लेकर हिमाचल किसान सभा और सीटू संयुक्त रूप से केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ 27 मई को पतलीकूहल में प्रदर्शन करेंगी। किसान सभा के राज्य सहसचिव व जिला कुल्लू के महासचिव होतम सिंह सौंखला ने कहा कि प्रदेश भर में 15 से 31 मई तक सभी जनवादी जनसंगठन जनता के मुद्दों को लेकर ब्लॉक व तहसील स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सीटू के जिला प्रधान भूप सिंह भंडारी व किसान सभा के नगर ब्लॉक प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि मनाली विस की जनता की स्थानीय मांगों को लेकर 27 मई को पतलीकूहल में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा जाएगा।

Related posts