
रोहडू। दुर्गम क्षेत्र डोडरा के ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय में आधार कार्ड बनाने की मांग उठाई है। डोडरा क्वार मार्ग के बहाल होने के बाद तीन दिन पहले ही डोडरा पंचायत में आधार कार्ड बनाने का कार्य आरंभ हुआ तो है लेकिन आधार कार्ड बनाने का कार्य गांव से बाहर एक ढाबे में किया जा रहा है। इससे गुस्साए स्थानीय लोगों ने एसडीएम डोडरा क्वार अशोक चौहान से भी मामले की शिकायत की है। डोडरा पंचायत उपप्रधान सोहन लाल, पूर्व प्रधान राजेश नंदियाण, पूर्व प्रधान शक्ति देवी, कैलाश, मुकेश, जगदीश, विदेश कुमार तथा नैन सिंह ने बताया कि डोडरा पंचायत में तीन दिन पहले ही आधार कार्ड बनाने का कार्य आरंभ हुआ है। आधार कार्ड पंचायत मुख्यालय के स्थान पर गांव से बाहर एक निजी ढाबे में बनाए जा रहे हैं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ढाबे में शराबियों तथा अन्य शरारती तत्वों का आना-जाना भी रहता है। इससे बच्चों तथा महिलाओं को वहां आधार कार्ड बनाने में परेशानी हो रही है। गांव से दूर होने के कारण बुजुर्गों को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड पंचायत मुख्यालय में ही बनाए जाने चाहिए। गांव से बाहर आधार कार्ड बनाने का कोई भी औचित्य नहीं है। आधार कार्ड पंचायत घर में बनाए जा सकते हैं। इस संबंध में एसडीएम क्वार अशोक चौहान से भी शिकायत की गई है।
उधर, एसडीएम अशोक चौहान ने आधार कार्ड बनाने का कार्य पंचायत मुख्यालय में करवाने का आश्वासन दिया है।
