
इस्लामाबाद : वर्ष 2008 मुंबई आतंकवादी हमला मामले में संलिप्तता के आरोपी लश्कर ए तैयबा कमांडर जकीउर रहमान लखवी सहित सात संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों की सुनवाई एक जून के लिए आज टल गई क्योंकि सरकार ने इस मामले से निबटने के लिए मुख्य अभियोजक की नियुक्ति नहीं की है।
इस मामले की सुनवाई को उस समय बड़ा झटका लगा था जब संघीय जांच एजेंसी के मुख्य अभियोजक चौधरी जुल्फिकार अली की तीन मई का इस्लामाबाद में संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रावलपिंडी स्थित आतंकवाद निरोधक अदालत ने न्यायाधीश चौधरी हबीब उर रहमान ने आज की सुनवाई के दौरान बिना किसी कार्यवाही के इस मामले को एक सप्ताह के लिए स्थिगित कर दिया।
न्यायाधीश ने इस मामले को इस्लामाबाद की एक अदालत में स्थानान्तरित करने के दिवंगत मुख्य अभियोजक के आवेदन पर अपना फैसला सुरक्षित रखा। लखवी के वकील ख्वाजा एच अहमद ने कहा कि इस मामले का क्षेत्राधिकार इस्लामाबाद में बनता है क्योंकि प्राथमिकी वहीं दर्ज हुई है, इसलिए चौधरी जुल्फिकार अली ने इस मामले को स्थानान्तरित करने के लिए आवेदन दिया था।
