
सैक्टर-35 के एक होटल में बुधवार को एक स्टेज शो के दौरान आपत्तिजनक वाक्यों का प्रयोग कर सिख धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली रैपर हार्ड कौर के खिलाफ शुक्रवार को लायर्स फॉर जस्टिस नामक संस्था ने एस.एस.पी. नौनिहाल को शिकायत दी गई है।
पब्लिक विंडो के माध्यम से दायर इस शिकायत में पूरी घटना को निंदनीय करार देते हुए हार्ड कौर के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किए जाने की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि हार्ड कौर ने अश्लील कृत्यों का इस्तेमाल किया है। संस्था के प्रधान सिमरनजीत सिंह ने शिकायत में मांग की है कि हार्ड कौर विदेश में रहती हैं इसलिए उसके खिलाफ तुरंत कार्यवाही की जाए ताकि वह विदेश न भाग जाए।
हार्ड कौर से जुड़ी इस घटना को सामाजिक ताने-बाने के प्रति भी खतरनाक बताया गया है। शिकायत में हार्ड कौर की शहर में पाबंदी लगाते हुए शहर में उसकी किसी भी जगह प्रस्तुति पर रोक लगाए जाने की मांग की गई है। वहीं लोगों की भावनाओं का ख्याल न रखते हुए केवल मुनाफा कमाने की नियत के चलते हार्ड कौर के इस कार्यक्रम के प्रायोजक के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की मांग की गई है।
अब मांगी माफी
हार्ड कौर ने कहा है कि यदि मेरे गीतों या वाक्यों के माध्यम से किसी को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगती है। उसका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। प्रस्तुति के दौरान मेरे शब्दों को गलत तरीके से पेश करके बताया गया। हार्ड कौर ने कहा कि कई बार गीतों की विशेषताओं के मुताबिक प्रस्तुति उसी ढंग से करनी पड़ती है। मैं सिर्फ रॉकिंग प्रस्तुति देकर प्रशंसकों को खुश करना चाहती थी।
