उहल अस्पताल के कर्मिर्यों को कारण बताओ नोटिस

टौणीदेवी (हमीरपुर)। उहल में बीते दिनों हुई सड़क दुर्घटना के दौरान पीएचसी के बंद रहने पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है तथा ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कर्मियों के गैर हाजिर होने पर उनपर गाज गिरना निश्चित है।
पिछले माह परनाली गांव में सड़क दुर्घटना में दस लोगों को मौत हो गई थी तथा पांच घायल हो गए थे लेकिन एक किलोमीटर दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उहल पर ताले लटके हुए थे। इसके चलते घायलों को हमीरपुर व टौणीदेवी अस्पताल लेकर जाना पड़ा था। ‘अमर उजाला’ में अस्पताल की स्थिति को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उस रात को ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से जवाब तलब किया था। कर्मियों द्वारा भेजे गए जवाब में लिखा था कि घटना का हमें बड़ा दुख हुआ तथा भगवान मृतकों को आत्मिक शांति दे। रात को हमें घटना का पता चला लेकिन हम अगले दिन ही अस्पताल पहुंच सके। लापरवाह कर्मियों के जवाब से विभाग संतुष्ट नहीं है तथा दोबारा जवाब तलब किया है। पहले मिले उत्तर से विभाग के अधिकारी भी काफी हैरान है कि हादसे में दस लोगों की मौत हो जाती है और कर्मी अपना दुख जताकर इतिश्री कर रहे हैं लेकिन अब दोबारा भेजे नोटिस का जवाब जो भी मिले, इतना तय है कि लापरवाह कर्मियों पर गाज गिरना लाजमी है।
इस संबंध में बीएमओ टौणी देवी डा. आरके अग्निहोत्री का कहना है कि पहले दिए गए जवाब से विभाग संतुष्ट नहीं है तथा दोबारा नोटिस भेजा जा रहा है। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related posts