बिना पास के नहीं मिलेगा प्रवेश

बद्दी (सोलन)। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी शनिवार को करीब पौने 11 बजे महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए विवि प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस मौके पर राष्ट्रपति के साथ हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल उर्मिला सिंह, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
महाराजा अग्रसेन निजी विवि में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के कार्यक्रम में एक हजार लोग शामिल होंगे। कोई भी व्यक्ति बिना पास के कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा। महाराजा अग्रसेन विवि के चेयरमैन नंद किशोर गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति ठीक पौने 11 बजे विवि का शुभारंभ करेंगे। उसके बाद करीब दस से 12 मिनट तक उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम पौने 11 बजे शुरू होगा लेकिन सभी लोग दस बजे से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। उसके बाद किसी को भी अंदर नहीं आने दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में वहीं लोग शामिल होंगे, जिन्हें विवि की ओर से आमंत्रित किया गया है। सभी लोगों को पास बनाए गए गए हैं। राष्ट्रपति के जाने के बाद भी करीब एक घंटा और कार्यक्रम चलेगा।

वाया बरोटीवाला जाना होगा पिंजौर
बरोटीवाला-कालूझिंडा मार्ग रहेगा बंद
बद्दी (सोलन)। 25 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर बाद तक बरोटीवाला-कालूझिंडा मार्ग पर यातायात बंद रखा जाएगा। पिंजौर और कालका जाने वाले लोगों को वाया बरोटीवाला व कालूझिंडा होते हुए जाना पड़ेगा। राष्ट्रपति के जाने के बाद ही मार्ग को खोला जाएगा। इस संबंध में एसपी अरूल कुमार ने बताया कि बरोटीवाला से कालू झिंडा जाने वाले मार्ग आगे जाकर बद्दी-पिंजौर मार्ग पर ही मिलेगी। इसलिए मधाला और कालूझिंडा जाने वाले लोगों को वाया बरोटीवाला और मंडावाला से पिंजौर जाना पड़ेगा। इस मार्ग को यातायात के लिए 25 मई को दोपहर बाद तक बंद रखा जाएगा।

बीबीएन की सभी सीमाएं सील
करीब पांच सौ से अधिक जवानों को आयोजन स्थल में तैनात किया गया है। कालूझिंडा में कार्यक्रम स्थल के अलावा जवानों को हैलीपैड, कानबाई और बरोटीवाला- कालूझिंडा मार्ग पर तैनात किया जाएगा। राष्ट्रपति चौप्पर से आएंगे। बरोटीवाला स्कूल मैदान में चौप्पर लैंड किया जाएगा। जवानों ने ड्यूटी देने से पहले पूर्वाभ्यास किया, जिसका आईजी जीडी भार्गव ने निरीक्षण किया। इसके अलावा जवानों को बीबीएन क्षेत्रों के बैरियरों पर तैनात किया गया है। जहां पर आने जाने वालों की चेकिंग की जा रही है। बीबीएन के साथ लगती सीमाओं को सीज कर दिया गया है। हर आने जाने वालों को कड़ी नजर रखी जा रही है।

Related posts