महंगाई-भ्रष्टाचार पर भगवा ब्रिगेड सुर्ख

बिलासपुर। भ्रष्टाचार और महंगाई के मुद्दे पर भगवा ब्रिगेड ने केंद्र की यूपीए सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा ने बिलासपुर शहर में केंद्र की यूपीए सरकार पर हल्ला बोला। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली की शकल में केंद्र सरकार की ‘अंतिम यात्रा’ निकाली। इसमें कई केंद्रीय नेताओं के पुतले उठाते हुए शंख ध्वनि और जोरदार नारेबाजी से युवाओं ने माहौल गरमा दिया। गुुरुद्वारा चौक पर पहुंचकर पुतलों का दहन किया गया।
इससे पहले सर्किट हाउस में युवा मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र की यूपीए सरकार पर नेता बरस पडे़। इसके बाद सर्किट हाउस से पूरे बाजार में शंख ध्वनि के साथ यूपीए सरकार की ‘अंतिम यात्रा’ निकाली गई। हालांकि, पारा चढ़ने के कारण युवाओं की खास संख्या नहीं जुट पाई। अलबत्ता युवा मोर्चा से जुडे़ करीब तीन दर्जन कार्यकर्ताओं ने यूपीए के खिलाफ हल्ला बोलकर माहौल गरमा दिया। जिला भाजयुमो अध्यक्ष बृजलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। महंगाई और भ्रष्टाचार केंद्र की देन है। आए दिन भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो रहे हैं। इसमें केंद्रीय नेताओं की संलिप्तता भी पाई गई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार घोटालों और महंगाई की सरकार साबित हुई है। देश की जनता के साथ अन्याय हुआ है। इस प्रदर्शन में जिला भाजयुमो मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा, महामंत्री नवीन शर्मा, मनीष चंदेल, विकास राव, तुषार डोगरा, दिवेश चंदेल, चारों मंडलों के अध्यक्ष नरेश शर्मा, चमन शर्मा, अनिल गौतम, दीपक पटियाल, प्रदीप ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, नंद लाल, संजीव ठाकुर, जोनी, सानिद, संदीप शर्मा, दिनेश चंदेल, भूप सिंह ठाकुर, अखिल आदि मौजूद रहे। उधर, इससे पूर्व सर्किट हाउस में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने नव नियुक्त मंडलाध्यक्षों को सम्मानित किया।

Related posts