
बिलासपुर। चांदपुर पंचायत के कई गांवों में पानी का ‘चिर-परिचित’ संकट एक बार फिर से पैदा हो गया है। ग्रामीणों की मानें तो बीते करीब दो सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। नल सूखे पड़े हुए हैं। इसके चलते पानी का जुगाड़ करने के लिए उन्हें कड़क धूप में इधर-उधर भटकते हुए पसीना बहाना पड़ रहा है।
चांदपुर पंचायत के क्यारा, मिहाण व टिहरी गांवों के बाशिंदों बिशन दत्त, मुनीलाल गौतम, हेमराज गौतम, दिनेश कुमार, शीला, सोहनलाल, रोशन, जगरनाथ व प्रकाश चंद आदि ने कहा कि इन गांवों को पानी की आपूर्ति दली उठाऊ पेयजल योजना से की जाती है। लोगों के घरों में लगे नल बीते करीब दो सप्ताह से सूखे पड़े हुए हैं। इसके चलते उन्हें अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार हर साल गरमी के मौसम में उन्हें पेयजल संकट से दो-चार होना पड़ता है। आईपीएच महकमा कभी मोटर खराब होने, तो कभी जलस्तर गिरने की बात कहकर पल्लू झाड़ लेता है। विभाग के कार्यालय में लगा लैंडलाइन टेलीफोन भी खराब पड़ा है। ऐसे में लोगों की दिक्कत यह है कि अपनी समस्या वे किसे बताएं। कहीं ऐसा तो नहीं कि टेलीफोन को जानबूझ कर खराब कर दिया जाता हो। उन्होंने समस्या का समाधान जल्द करने की मांग की है।
उधर, इस बारे आईपीएच के सहायक अभियंता शेर सिंह धीमान ने कहा कि पेयजल योजना की पंप मशीनरी खराब होने से समस्या पैदा हुई थी, जिसे अब ठीक करा दिया गया है। शनिवार से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
