
शाहतलाई (बिलासपुर)। कोटधार के बड़गांव के लिए चलने वाली बस बंद कर दी गई है। अचानक बस बंद होने के कारण चुभती-जलती गर्मी के बीच स्कूली छात्र पैदल मार्च करने को विवश हैं। निगम की बस शाहतलाई-लठियाणी वाया डुहक रूट पर चलती थी। इसे अचानक बंद कर दिया गया है। सरकार ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए बसों में यात्रा मुफ्त कर दी है, लेकिन जब बस ही नहीं चल रही तो सुविधा कैसे मिलेगी? बस सेवा बंद होने से सबसे परेशानी स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों को हो रही है।
जंगल के रास्ते से बच्चे तपती दोपहरी में पैदल चलने को विवश हैं। बड़गांव गलू पंचायत के उपप्रधान सुखलाल, राजेंद्र कुमारी, कांता देवी, निर्मला, संतोष कुमारी, कमला देवी, भीमचंद, श्यामलाल, परसराम, जीत राम, सरोज कुमार, रमन कुमार, पुष्पा, रामपाल, शक्ति चंद ने बताया कि निगम की शाहतलाई से शाम को लठियाणी जाने बाली बस वाया डुहक जाती थी। सुबह के समय स्कूल टाइम पर यही बस वापस डुहक होते हुए शाहतलाई पहुंचती थी। दो सप्ताह से बस नहीं चल रही है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणाें के अनुसार इस पंचायत के बच्चे शाहतलाई, कोसरियां व चकमोह, बड़सर कालेजों तथा अन्य निजी संस्थानों में पढ़ते हैं। उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक योगराज ने बताया कि यह रूट घाटे में चल रहा है। निगम के पास कर्मचारियों की कमी भी चल रही है। लिहाजा, फिलहाल इसे बंद करना पड़ा है।
