प्रचंड गर्मी से सूखने लगे पेयजल स्रोत

सिहुंता (चंबा)। ब्लाक सिंहुता में प्रचंड गर्मी के कारण पेयजल स्रोत सूखने शुरू हो गए हैं। इस कारण क्षेत्र में पानी की किल्लत हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक समोट-जसूर-डुखर पेयजल योजना, बगोडा पेयजल योजना, कियोड-धरू-बटरूआली, मोरठू-जोलना, नरवाड़ी-कमलूण पेयजल योजना, अंदोह-पुखर-अधवाड़ पेयजल योजना से क्षेत्र की की आधा दर्जन पंचायतों को पानी की सप्लाई होती है। इसमें ग्राम पंचायत टिकरी, समोट, मोरठू, जोलना, बनेड, टुंडी, धूमनेट शामिल हैं। पेयजल योजनाओं के मूल स्रोत से ही प्रचंड गर्मी पड़ने के कारण पानी की कमी हो गई है। इससे तीन दर्जन के करीब गांवों के 13 सौ के करीब नल सूखे पड़ गए हैं। माना जा रहा है कि कुछ दिन और ऐसे ही गर्मी रही तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में और ज्यादा पानी की किल्लत हो सकती है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से जलस्तर में कमी आने के कारण समय-समय पर पानी छोड़ने का निर्णय लिया गया है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि गर्मी के कारण पेयजल स्त्रोत में पानी की कमी हो गई है। पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने के लिए सुबह शाम पानी छोड़ दिया जाएगा। सुबह छह बजे से लेकर 10 बजे तक और शाम को आठ बजे के बाद पानी छोड़ा जाएगा।

Related posts