
तीसा (चंबा)। स्थानीय थाना के तहत गांव तलोटा में युवक की ढांक के नीचे फेंक कर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने इन चारों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ज्ञात रहे कि महिंद्र सिंह पुत्र हंसराज निवासी गांव लड़युंडा के बयान पर पुलिस ने 22 मई को नरेंद्र पुत्र ज्ञान चंद निवासी लड़युंडा की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 22 मई को जब वह नरेंद्र के साथ तलोटा गांव से अमर सिंह के लड़के की शादी के समारोह से लौट रहा था। रास्ते में बबलु पुत्र लेखराज व विनोद पुत्र कैलाश चंद निवासी तलोटा, राकेश कुमार पुत्र प्यार चंद निवासी सोहा और हनीश कुमार पुत्र बलदेव निवासी गांव कैला परगना कोहाल मिले। नरेंद्र के भाई की इन युवकों के साथ पैसे के लेन देने को लेकर शादी समारोह में लड़ाई हुई थी। नरेंद्र ने बीच बचाव करके इसे रोका था। इसी के चलते युवक नरेंद्र से खफा थे और नरेंद्र को देखते ही युवकों ने उसे घेर लिया और हनीश ने नरेंद्र को जोर से लात मारी, जिससे नरेंद्र ढांक से नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी थी। डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि इस मामले में चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चारों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
