
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति कल्याण परिषद की बैठक रामपुर में आयोजित की गई। इसमें पूर्व मंत्री सिंघी राम विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में प्रतिभा सिंह को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में उतारने के लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू को प्रस्ताव पास कर भेजा गया।
इसके बाद पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सिंघी राम और परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केडी आजाद ने कहा कि वर्तमान में परिषद की सदस्यता पांच हजार से अधिक हो गई है। इसे और मजबूत बनाया जाएगा। वहीं बैठक में पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को मंडी संसदीय सीट से लोकसभा प्रत्याशी बनाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया। इधर, कांग्रेस की गुटबाजी के बारे में सवाल पूछने पर सिंघी राम ने कहा कि उन्हें नहीं लगता ऐसा है। अगर इस तरह की कोई बात है तो इस पर मुखिया को सब को साथ बैठा कर मामला सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। कल्याण परिषद की पहली पसंद प्रतिभा सिंह हैं। क्योंकि वह पहले भी सांसद रह चुकी हैं। वहीं, क्षेत्र में उनकी पकड़ भी मजबूत है। लेकिन इसके बाद भी अगर कांग्रेस हाईकमान किसी और को उतारता है तो भी परिषद उनका भी साथ देगी। वहीं, सिंघी राम ने कहा कि चुनाव में पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेवारी देती है वह उसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगे। इस अवसर पर इंदु लता, धनी राम, ज्योति लाल, प्रेम कौगी, चरण दास, प्रकाश, चंद्रमणी, प्रमोद, सुदेश और रोशन लाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
