देवदार की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा

कुमारसैन (शिमला)। नारकंडा में शुक्रवार को देवदार की लकड़ियों से भरा ट्रक पकड़ा गया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। लकड़ी तस्करी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे नारकंडा के समीप एचआर 68 ए 2523 ट्रक की जब शक के आधार पर तलाशी ली गई तो इसमें देवदार के 37 स्लीपर मिले। नावर टिक्कर से शिमला की तरफ जा रहे इस ट्रक में अवैध लकड़ी होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें श्याम निवासी अड्डू ननखड़ी और हेतराम निवासी धामी शामिल हैं। एसडीपीओ सुनील नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये दोनों देवदार की लकड़ी को कहां ले जा रहे थे, इस गोरखधंधे में उनके साथ और कौन शामिल हैं, इसके बारे में इनसे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से इनके खिलाफ अवैध रूप से लकड़ी ले जाने का मामला दर्ज करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि नारकंडा चौकी के प्रभारी कर्म सिंह और वन रक्षक रणवीर ने इन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस जल्द से जल्द लकड़ी तस्करी के इस मामले को सुलझाने का प्रयास करेगी।

Related posts