कालेज समस्याओं पर भड़की एसएफआई

रामपुर बुशहर। एसएफआई की रामपुर कालेज इकाई की शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें कालेज की समस्याओं पर मंथन किया गया। एसएफआई ने कालेज में रिक्त प्रवक्ताओं के पदों को भरने समेत अन्य समस्याओं को शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले हल करने की मांग की। कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन कर इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
इकाई सचिव रुचिका वजीर ने कहा कि रामपुर कालेज में कई विषयों के प्रवक्ताओं के पद खाली पड़े हैं। इन पदों को भरे न जाने से नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को मुश्किलें आएंगी और पढ़ाई प्रभावित होगी। कालेज में सत्तर प्रतिशत छात्राएं होने के बावजूद यहां उनके लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं है। कैंपस की हालत खराब है। वहीं, कालेज में बन रहे आर्ट्स ब्लाक का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। इसको नए शैक्षणिक सत्र के लिए तैयार करना अति आवश्यक है। यहां कमरों की कमी के कारण कला संकाय के विद्यार्थियों को खड़े-खड़े क्लासें लगानी पड़ती है। एसएफआई ने कालेज में नए कन्या छात्रावास का निर्माण कार्य अभी तक शुरू न किए जाने पर भी नाराजगी जताई और मांग की कि इसका कार्य जल्द शुरू करवाया जाए। बैठक में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने 29 को हो रहे किसान सभा के आंदोलन में भी बढ़चढ़ कर शरीक होकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर अविनाश चौहान, रीता चौहान, चांदनी, विजय कुमार, आशीष चौहान, रवि कुमार, सपना ठाकुर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts