
सोलन। भाजपा जिला अध्यक्ष गोबिंद राम शर्मा ने कहा कि कैलाश ठाकुर की निर्मम हत्या के बारे में जिला पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों की ओर से जिस तरह से व्यवहार किया जा रहा है वह बहुत निंदनीय है। कैलाश ठाकुर उस रात विकलांग व्यक्ति को बचाने न जाता तो कैलाश ठाकुर की हत्या न होती। पुलिस को सूचना करने के बाद भी मौके पर पुलिस का देरी से आना और विजिलेंस कार्यालय के प्रांगण में कैलाश की हत्या होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खडे़ करता है। इस बारे में जब भाजयुमो के कुछ कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे तो उन्होंने उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया।
22 मई को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन किया। जुलूस के दौरान सोलन थाना प्रभारी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमकाया। पुलिस इस प्रकार की कार्रवाई से जिस प्रकार समाज में खौफ फैला रही है, वह पहली बार देखा गया है। पुलिस दिन प्रतिदिन हो रही चोरियों व अपराधों को रोकने में असमर्थ रही है। यदि पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ सही जांच नहीं की तो भाजपा पूरे जिला में जुलूस प्रदर्शन करेगी।
