धूमधाम से निकली लखदाता पीर की जलेब

पधर (मंडी)। पीर बाबा लखदाता को समर्पित कुफरी का दो दिवसीय मेला धूमधाम से संपन्न हो गया। लगभग छह दर्जन पहलवानों ने कुश्ती के दंगल में दमखम दिखाया। इससे पूर्व आराध्य देव पाईंदल ऋषि डोलरा, माता जालपा भगवती सरौण और करनाल के रथों के सानिध्य में लखदाता पीर की जलेब कुफरी चौक पर पहुंची।
आस्था स्वरूप ग्रामीणों ने अपनी मन्नतें पीर बाबा को कुश्ती के अखाड़े में चढ़ाई। कुश्ती का फाइनल मुकाबला रोपड़ पंजाब के पहलवान गोपाल और चंडीगढ़ के पहलवान प्रदीप कुमार के बीच खेला गया। कुफरी कुश्ती मेला का खिताब इस बार प्रदीप कुमार ने अपने नाम किया। मेला कमेटी की ओर से पंजाब नेशनल बैंक कुफरी के प्रबंधक सीआर चोपड़ा ने विजेता को और उप विजेता को सम्मानित किया। पंचायत के उप प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल स्पर्धाएं मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। सांस्कृतिक और खेल स्पर्धा में सीसे स्कूल कुफरी, केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कुफरी, मिडल स्कूल निहौण, नशधरा, लागधार, खील थरकी स्कूल के बच्चों ने हिस्सा लिया। तीन टांग दौड़ में लागधार स्कूल के अजीत और मुकेश प्रथम, एक्सिलेंसी पब्लिक स्कूल के युवराज, निशांत दूसरे स्थान पर रहे। कुर्सी दौड़ में इसी स्कूल की छात्रा प्रियांशु प्रथम स्थान पर रही। निहौण स्कूल की उर्वशी दूसरे स्थान पर रही। लैमन रेस में लागधार स्कूल के मुकेेश प्रथम, अजीत दूसरे स्थान पर रहा। सुई धागा रेस में एक्सिलेंसी स्कूल की प्राची और प्रियांशु प्रथम, सेंटर स्कूल की सरोज कुमारी दूसरे स्थान पर रही। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच लखदाता इलेवन स्टार कुफरी और सरौंझ के बीच हुआ। इसमें कुफरी टीम विजयी रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लखदाता स्टार कलब कुफरी और मंगलाना के बीच हुआ। मंगलाना ने 3-1 से मैच पर कब्जा जमाया।
मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता कुफरी स्कूल के प्रधानाचार्य बीएस भारद्वाज ने की। इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान कशमीर सिंह, उप प्रधान गुलाब सिंह, सचिव चतर सिंह, निर्मला देवी, शेर सिंह राणा, गोबिंद, राजू, बुद्धि सिंह, गणेश, चुनी लाल, उप प्रधान ओम प्रकाश, धर्मवीर राणा, पवन, संजय, जगदीश, चंपा, लता, गिरधारी, पृथ्वी चंद भी मौजूद रहे।

Related posts