
बिलासपुर । कहते हैं हौसले बुलंद हों तो सब बाधाएं पार हो जाती है। और, सवाल जब नौकरी तथा कैरियर का हो तो कोई पीछे क्यों रहे। बिलासपुर के लुहणू मैदान में वीरवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला। फॉरेस्ट गार्ड बनने के लिए युवक और युवतियों ने प्रचंड धूप की भी परवाह नहीं की। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस था। गर्मी ऐसी कि पूरा शरीर पसीने से तर-बतर हो जाए। बावजूद इसके युवा पीछे नहीं हटे।
लुहणू स्टेडियम में बिलासपुर सर्कल की फॉरेस्ट गार्ड भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। वीरवार को लुहणू मैदान में युवाओं ने प्रचंड धूप में भर्ती के लिए खूब पसीना बहाया। करीब 50 फीसदी युवा ही ग्राउंड टेस्ट पास कर पाए। ग्राउंड टेस्ट में उत्तीर्ण रहे युवाओं के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती के लिए सुबह आठ बजे से ही युवाओं की भीड़ लुहणू मैदान में उमड़ने लगी थी। तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विभागीय अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की। डीएफओ हेडक्वार्टर पवन चंदेल ने कहा कि फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती के लिए पहले दिन 68 युवाओं ने ग्राउंड टेस्ट में भाग लिया। इसमें से 31 युवा ही टेस्ट उत्तीर्ण कर पाए। ग्राउंड टेस्ट में उत्तीर्ण रहे युवाओं के लिए 30 जून को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा नौणी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाएगी। लुहणू मैदान में 30 मई तक भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। बिलासपुर सर्कल के लिए पांच पद स्वीकृत किए गए हैं। पांच पदों के लिए विभाग के पास 1100 आवेदन पहुंचे थे। इस दौरान कंजरवेटर बिलासपुर अनिल ठाकुर, डीएफओ बिलासपुर डीआर कौशल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
