
भगेड़ (बिलासपुर)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला छड़ोल जटटां से शिक्षिका का तबादला होने पर अभिभावक ने रोष जताया है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल से शिक्षिका का जो तबादला किया गया है वह न्यायसंगत नहीं है। जिसके चलते इसे तुरंत प्रभाव से रद किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह आंदोलन करने के लिए विवश हो जाएंगे।
अभिभावक प्रोमिला देवी, निशा देवी, स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान अनीता देवी, रतनी देवी, सपना देवी, अंजना, जयदेई, उर्मिला, पवना, रीना, नंद लाल, चैत राम, दिनेश, संजय, निक्का राम और अनामिका सहित अन्य के अनुसार स्कूल से शिक्षिका का तबादला कर दिया गया है। हालांकि जब से शिक्षिका ने स्कूल में कार्यभार संभाला है तब से बच्चों का परीक्षा परिणाम काफी सराहनीय रहा है। ऐसे में उनके तबादले से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। इस संबंध में स्थानीय विधायक से तबादला रद करने की मांग की थी, जिस पर बाकायदा विधायक ने तबादला रद करवाने का आश्वासन भी दिया था। अब करीब एक माह का समय बीत जाने के बाद भी तबादला आदेश रद नहीं हो पाए हैं। स्कूल से शिक्षिका का तबादला करना न्यायसंगत नहीं है। यदि जल्द ही तबादला आदेश रद नहीं किए गए तो मजबूरन उन्हें संघर्ष का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। उन्हाेंने शिक्षा विभाग से भी मांग की है कि जल्द ही तबादला आदेश रद किए जाएं।
