
जुखाला (बिलासपुर)। आयरन की गोली लेने के बाद मिडिल स्कूल गसौड़ में 25 बच्चे बीमार हो गए हैं। उल्टी, पेट दर्द और जलन की वजह से बच्चों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। स्थिति नियंत्रण में है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को वापस घर भेज दिया है। लेकिन, बच्चों के बीमार होने की घटना से अभिभावक खौफजदा है। वहीं, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयरन फोलिक ऐसिड योजना पर भी सवाल उठने लगे हैं। बिलासपुर जिले के सोलधा में तीन बार बच्चे बीमार हुए हैं। बरठीं स्कूल में भी ऐसी ही शिकायत मिली। अब गसौड़ स्कूल के 25 बच्चों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
स्कूल के बच्चों को आयरन की गोलियां खिलाई गई थी। अगले दिन बच्चों को अचानक पेट दर्द और उल्टी के साथ जलन भी होने लगी। स्कूल प्रशासन ने सभी बच्चों को सीएचसी मारकंड पहुंचाया। छठी से आठवीं तक के बीमार बच्चों में विपन, शिवानी, तनुजा, विकास, सहवाज, रिया, प्रियंका, रचना शामिल है।
अस्पताल में बीएमओ मारकंड डा. आरके सक्सेना ने अपनी पूरी टीम के साथ बच्चों को चैकअप किया और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चों को तीसरी बार यह दवा दी गई है। हालांकि, इससे पहले ऐसी कोई शिकायत नहीं थी। लेकिन, अब बच्चे बीमार हो गए। बीएमओ डा. सक्सेना ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि स्कूल के शिक्षक बच्चों को लेकर यहां आए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया है। स्थिति चिंताजनक नहीं है। स्कूल की मुख्य अध्यापक प्रोमिला ने बताया कि बुधवार को दवाई दी गई थी। वीरवार को बच्चों को दर्द हुआ तो अस्पताल लेकर गए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश रोशन भारद्वाज ने कहा कि फोन पर उन्हें इसकी सूचना मिली है। लेकिन, सभी बच्चे अब ठीक है।
