
कुमारसैन (शिमला)। कुमारसैन थाना के तहत किंगल सड़क पर ग्रहना गांव के समीप एक पिकअप खाई में गिर गई। वीरवार दोपहर बाद हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हुआ है। घायल चालक को उपचार के लिए शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक किंगल की तरफ आ रही पिकअप नंबर एचपी 68-3470 ग्रहना गांव के नजदीक सड़क से करीब दो सौ मीटर की खाई में गिर गई। इसमें चालक समेत दो लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्रहना गांव निवासी हारू राम (60) के रूप में हुई है। जबकि चालक खेमराज गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल चालक को कुमारसैन अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे शिमला रेफर किया गया। एसडीपीओ सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में छानबीन की जा रही है।
