झूल रहे तार, लाइटें बंद, पानी भी नहीं

शिमला। मालरोड स्थित नगर निगम कार्यालय से करीब सौ मीटर दूर बसा मिडल बाजार कारोबारियों के लिए परेशानियों का अड्डा बन गया है। मिडल बाजार शहर की सबसे पॉश मार्केट माने जाने वाले मालरोड से सटा है पर यहां सुविधाएं उपनगरों से भी बदतर हैं। मिडल बाजार में ढाबों व रेस्टोरेंट की संख्या अधिक है। लंच ब्रेकफास्ट व डिनर के लिए न सिर्फ सैलानी बल्कि स्थानीय लोग भी यहां जुटते हैं। होटलों से निकलने वाला कूड़ा कारोबारियों के लिए सिरदर्द बन गया है। नगर निगम कर्मी दिन में सिर्फ एक बार यहां से कूड़ा उठाते हैं जबकि दिन भर भारी मात्रा में होटलों व ढाबाें से कूड़ा निकलता है। बाजार से डंपर हटा दिए गए हैं। ऐसे में कारोबारियों को कूड़ा ठिकाने लगाना मुश्किल हो गया है। छुट्टियों में कूड़ा उठाने वाले नहीं आते जिसके चलते कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं शौचालयों में पसरी गंदगी के कारण भी कारोबारियों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। ओल्ड बस स्टैंड और जिला कचहरी शहर से शिफ्ट हो जाने के बाद कारोबार भी प्रभावित हुआ है।

————————–
पब्लिक टेप में नहीं आता पानी
मिडल बाजार में लगे पब्लिक टेप में पानी नहीं आता। गर्मी के दिनों में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पब्लिक टेप के आसपास नियमित सफाई भी नहीं की जाती।
– मदन लाल, नीरज स्वीट शॉप

नौ बजे बंद हो जाते हैं शौचालय
गर्मी के दिनों में बाजार रात दस बजे तक खुला रहता है लेकिन मिडल बाजार में शौचालय नौ बजे ही बंद कर दिए जाते हैं। रात के समय परेशानी झेलनी पड़ती हैं।
– सुरेश शर्मा, शर्मा शेरे पंजाब ढाबा

हवा में झूल रहे केबल, बिजली तार
बाजार में बिजली और केबल तार लटक रहे हैं। कभी भी शार्ट सर्किट हो सकता है। तारों के कारण मिडल बाजार के सौंदर्य को भी धब्बा लग रहा है।
– सतीश शर्मा, ओके ढाबा

बंद रहती हैं स्ट्रीट लाइटें
मिडल बाजार की स्ट्रीट लाइटें अकसर बंद रहती हैं। एक लाइट की मरम्मत होती है तो दो और खराब हो जाती हैं। लाइटें बंद होने के कारण पिछले दिनों एक महिला गली में गिर गई थीं।
– विजय शर्मा, शर्मा ढाबा

नालियों में अटक जाता है कूड़ा
ड्रेनेज सिस्टम खराब होने के कारण कूड़ा नालियों में अटक जाता है। नाली बंद होने के कारण गंदगी फैलती है। नाली में सीवरेज के मोटे पाइप हैं। कई बार निगम अधिकारियों को बताया पर कुछ नहीं हुआ।
– विपुल वालिया, पालम

टूटी सीढ़ियाें से गिर जाते हैं लोग
मिडल बाजार में कई स्थानों पर सीढ़ियां टूटी हुई हैं। टूटी सीढ़ियों से कई बार लोग गिर चुके हैं। बाजार की सुंदरता को भी ग्रहण लग रहा है। एमसी को सीढ़ियों की मरम्मत करवानी चाहिए।
– संजीव सूद, डायर

– सौंदर्यीकरण के लिए कोई प्रयास नहीं
मिडल बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर कोई प्रयास नहीं किया गया है। मिडल बाजार में लोगों के बैठने के लिए बैंच सहित अन्य जन सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए।
– राकेश वर्मा, वर्मा ज्वैलर्स

दुकानें खुलने से पहले चला जाता है पानी
कारोबारी सुबह नौ बजे दुकानें खोलते हैं लेकिन पानी पहले ही चला जाता है। पानी के लिए भटकना पड़ता है। कूड़ा उठाने वाले भी नियमित नहीं आते हैं जबकि भारी वसूली की जाती है।
– हरविंद्र सिंह बेदी, बेदी टेलर्स

Related posts