
शिमला। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिला भर में चल रहे दसवीं और बारहवीं स्तर के 317 स्कूलों से 2009 से जारी राशि के खर्च का लेखाजोखा मांगा गया है। उच्च शिक्षा उप निदेशक ने सभी स्कूलों को छह जून को पोर्टमोर स्कूल में बुलाया है। सभी को डीडीओ की रब्बर स्टैंप सहित कैश बुक, बैंक पास बुक, खर्च राशि के बिल बाउचर साथ लाने को कहा गया है। इस दौरान स्कूल मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्यों को लेखा प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बीते अक्तूबर से आरएमएसए की खर्च राशि की रिपोर्ट मांगी जा रही है पर स्कूल रिपोर्ट तैयार नहीं कर पा रहे। जो रिपोर्ट आई भी हैं, वे आधी अधूरी हैं। लिहाजा, उप निदेशक कार्यालय ने स्कूल प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापकों को एक साथ दस्तावेजों के साथ बुलाया है ताकि मौके पर रिपोर्ट तैयार हो सके। उप निदेशक एलीमेंटरी टीसी वर्मा ने कहा कि सभी स्कूल प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापक 6 जून को पोर्टमोर में होने वाली बैठक और कार्यशाला में मांगे दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। इसी आधार पर स्कूलोें को विभाग की ओर से नए सत्र के लिए बजट जारी किया जाएगा।
——————-
बैठक में तैयार होगा खेलों का शेडयूल
उच्च शिक्षा उप निदेशक ने दसवीं और बारहवीं स्तर के स्कूल प्रधानाचार्यों के लिए 6 जून को पोर्टमोर में बैठक बुलाई है। इसमें स्कूलों की ब्लॉक और जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए स्कूल और तिथि पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
