भाजयुमो ने निकाली ‘घोटालों की बारात व शव यात्रा’

शिमला। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बुधवार को यूपीए-2 के चार साल पूर्ण होने पर ‘घोटालों की बारात व शव यात्रा’ निकाली। यह यात्रा लोअर बाजार से तार घर तक निकाली गई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार निकम्मी, भ्रष्ट और अत्याचारी है। इसने देश के करोड़ों लोगों के सपनों का चीरहरण किया है। भाजयुमो का इस सरकार को जड़ से उखाड़ने के लिए आंदोलन शुरू हो गया है।
युवा मोर्चा का आरोप है कि इस सरकार ने देश को करोड़ों का कोयला घोटाला दिया। 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाला, मनरेगा घोटाला, हेलीकॉप्टर खरीद घोटाला, मामा-भानजा रेलवे घूस कांड सभी इसी सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में नैतिकता है तो तुरंत सत्ता छोड़कर चुनाव के मैदान में उतर जाना चाहिए। भारत दुनिया में सबसे भ्रष्ट देशों में गिना जाने लगा है। विदेशी निवेश घटकर खत्म होकर समाप्त हो गया है। महंगाई आसमान छू रही है। भारत मां को अब और शर्मिंदा नहीं होने देंगे।
इस मौके पर कर्ण नंदा, हेमंत शर्मा, विकास राजपूत, विजय गुप्ता, राजेंद्र ठाकुर, श्रवण शर्मा, रणदीप कंवर, युद्धवीर, विवेकानंद नेगी, अंजलि, विदुषी, सतवेंद्र, अशोक, राजा, अश्वनी शर्मा, उदयवीर, पारूल, विषय ठाकुर, अभिमन्यु भांगड़ा, भूपेंद्र शर्मा, राहुल, प्रीक्षित शर्मा, रजत शर्मा, हरप्रीत सिंह, आशीष, हनीश चोपड़ा, राजीव शर्मा, विजेंद्र शर्मा, सुरेश शर्मा, श्याम चौहान, देशराज, ओम प्रकाश, श्याम शर्मा आदि उपस्थित थे।

Related posts