राष्ट्रपति के काफिले के लिए दस मिनट रुकेगा ट्रैफिक

शिमला। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शिमला शहर में ट्रैफिक प्लान में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। केवल राष्ट्रपति के काफिले के लिए शहर का ट्रैफिक पांच से दस मिनट के लिए रोका जाएगा। संजौली और ढली सड़क मार्ग पर ट्रैफिक दस मिनट तक रोके जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा पूरे शहर में पांच मिनट ट्रैफिक बंद रहेगा। यह व्यवस्था 25 मई तक रहेगी।
उधर, थानों और चौकियों में तैनात स्टाफ को भी राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात किया गया है। लिहाजा थाने लगभग खाली हैं। क्राइम इंवेस्टीगेशन प्रभावित हो रही है। राष्ट्रपति दौरा पूरा होने के बाद ही पुलिस महकमा इस ओर ध्यान दे पाएगा। इसी तरह शिमला शहर के ट्रैफिक को संभालने के लिए 110 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। हालांकि मौजूदा समय में केवल 21 कांस्टेबल ट्रैफिक ड्यूटी दे रहे हैं। बाकी कर्मचारियों को राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगाया गया है। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने कहा कि जहां से राष्ट्रपति का वाहन काफिला गुजरेगा, वहां पांच से दस मिनट तक ट्रैफिक रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक रूट नहीं बदले जाएंगे।

Related posts