ससुराल में जाकर व्यक्ति ने फंदा लगाया

गोहर (मंडी)। स्यांज के कासण गांव में एक व्यक्ति ने अपने ससुराल में फंदा लगाकर अपनी ईहलीला समाप्त कर दी। गोहर पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाकर शव को कब्जे में लेकर आत्महत्या का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बागा गांव निवासी टेक चंद (44) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब दस बजे टेक चंद ने अपने सुसराल में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। बताया जाता है कि पिछले पांच दिन से पत्नी मायके गई हुई थी। उसको घर लाने के लिए टेक चंद अपने ससुराल कासण गया हुआ था। कासण पहुंचकर टेक चंद की अपनी पत्नी और साले से कहासुनी हुई। इसके बाद अपने ससुराल के एक कमरे में जाकर टेक चंद ने पंखे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। जब इसका पता उसके ससुराल वालों और पत्नी को चला तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। इसके बाद ग्रामीणों और टेक चंद के परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। गोहर पुलिस के एएसआई नसीब सिंह ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर आत्महत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने टेक चंद की पत्नी और ससुराल वालों के बयान भी ले लिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है, जिसके बाद इसे परिजनों को सौंपा जाएगा।
एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लगता है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा, नाचन के विधायक विनोद कुमार और स्यांज पंचायत की पूर्व प्रधान कांता चंदेल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

Related posts