बिजली बोर्ड की गलती से प्यासा रहा मंडी शहर

मंडी। बिजली बोर्ड की गलती की वजह से बुधवार को मंडी शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इससे मंडी शहर के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीती रात करीब साढ़े दस बजे भ्यूली स्थित आईपीएच के पंप हाउस के पास बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया। इससे ब्यास नदी से मोतीपुर धार स्थित ट्रीटमेंट टैंक के लिए पानी नहीं उठाया जा सका। नतीजन बुधवार सुबह जब लोगों ने अपने घरों में नलके खोले तो पानी की एक भी बूंद नहीं टपकी। मंडी शहर के लिए ब्यास नदी से मंडी पेयजल संवर्धन योजना के तहत हर रोज पंपिंग करके पानी उठाया जाता है, जिसे मोतीपुर स्थित भंडारण और ट्रीटमेंट टैंक में उपचारित करके मंडी वासियों की प्यास बुझाई जाती है, मगर बुधवार को बिजली बोर्ड की लापरवाही के चलते हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, आईपीएच महकमे के अधिशासी अभियंता अरुण शर्मा का कहना है कि बीती रात साढ़े दस बजे जब ब्यास नदी से पानी उठाने का समय आया तो बिजली के ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया। इसकी सूचना बिजली बोर्ड को दे दी, मगर बिजली कर्मी सुबह साढ़े छह बजे पहुंचे। इसके बाद पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड के अधिकारियों के साथ ज्वाइंट इंस्पेक्शन किया जा रहा है। वहीं बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता देशराज ने बताया कि समय पर फ्यूज क्यों नहीं लगाया गया, इसकी जांच की जाएगी।

Related posts