सड़कों पर उतरी घुमारवीं भाजपा

घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं-सरकाघाट वाया कुठेड़ा सड़क की दयनीय हालत पर घुमारवीं भाजपा उग्र हो गई है। भाजपा का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा सड़क की दयनीय स्थिति सुधारने को कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसका खामियाजा घुमारवीं की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
बुधवार को घुमारवीं भाजपा मंडल ने घुमारवीं भाजपा मंडल नरेंद्र ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र गर्ग की अगुवाई में घुमारवीं-सरकाघाट वाया कुठेड़ा सड़क की दयनीय स्थिति के चलते धरना प्रदर्शन किया। भाजपा ने कोठी चौक, पन्याला, सिल्ह में रैली निकाली। इसमें सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई। इस दौरान राजेंद्र गर्ग ने कहा कि उक्त सड़क की दयनीय हालत के लिए वर्तमान सरका दोषी है। सरकार ने इस सड़क की हालत सुधारने को कोई प्रयास नहीं किए। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तबदील हो गई है। इस सड़क पर वाहन चलाना तो दूर यहां पर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। सड़क की दयनीय स्थिति होने के कारण वाहन चालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिन लोगों के रिहायशी मकान सड़क के किनारे हैं। वह प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ रहे प्रदूषण के कारण यहां पर कोई भी बीमारी जन्म ले सकती है। सरकार इस समस्या के समाधान को कोई प्रयास नहीं कर रही है। रैली, धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम घुमारवीं के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इस दौरान महिला मोरचा की प्रदेश उपाध्यक्ष ऊषा ठाकुर, घुमारवीं भाजपा मंडल प्रधान नरेंद्र ठाकुर, राजेश शर्मा, जोरावर सिंह, विकास राव, कमल महाजन, चमन लाल, पंकज कुमार, जिला महिला मोरचा की अध्यक्षा शीतल भारद्वाज, प्रेम सिंह, रविकांत, मिलन महाजन, आशा ठाकुर, महिला मंडल प्रधान जमना देवी, निशा देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts