आग की भेंट चढ़ गया मकान और सैकड़ों पौधे राख

संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। वन रेंज डाडासीबा की वन बीट अमरोह के जंगल में लगी आग से संतोष कुमारी पत्नी स्वर्गीय प्रेम कुमार का मकान जलकर राख हो गया है। इससे हजारों का नुकसान हुआ है।
बीती रात आगजनी की घटना से मिड हिमालय प्रोजेक्ट के तहत लगाई गई सागवान, दरैक व कचराल की नर्सरी के सैकड़ों पौधे आग की चपेट में आने से राख हो गए। अमरोह पंचायत के ग्रामीण रात भर आग बुझाने में जुटे रहे।
रातभर आग बुझाने का प्रयास करने के बावजूद भी बुधवार दोपहर एक बार फिर जंगल में आग की चिंगारी सुलगी तथा भयंकर रूप धारण कर लिया। इससे संतोष कुमारी का आशियाना आग की भेंट चढ़ गया। तपती धूप के कारण संतोष कुमारी व परिजन आराम फरमा रहे थे। इतने में ही मकान की छत से धुआं उठने लगा। यह देख कर संतोष कुमारी के परिजन बाहर निकले और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। शोर सुनकर अमरोह पंचायत के ग्रामीण पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। संतोष कुमारी के दो बेटे मेेहनत मजदूरी का काम कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। आग बुझाने में बलदेव सिंह, जगदेव, विजय कुमार, अजय कुमार, पिरथी सिंह, जोध सिंह, काकू, बलवंत सिंह, टीनू, धर्मपाल व जोगिंद्र पाल ने भरपूर सहयोग दिया। पटवारी राय सिंह ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। जसवां के तहसीलदार रामेश्वर ने कहा कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्र्रभावित परिवार को दी जाएगी।

Related posts