
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार पर लगे सरकार के नए बोर्ड पर गलत दूरियां दर्शाई गई थीं। इससे यात्रियों व श्रद्धालुओं में भ्रम पैदा हो रहा था। इसके बाद देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश की गलत दूरी को बोर्ड से हटा दिया गया है।
पांवटा निवासी अतर सिंह, सुरेंद्र सिंह, रामपाल, चेतन, कपिल, दिनेश तोमर, मनजीत सिंह, अरुण शर्मा व प्रेम चंद ने कहा कि गलत दूरी अंकित होने से भ्रम पैदा होता रहा। गुरु की नगरी में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सही दूरी का पता नहीं चल पा रहा था। प्रदेश के प्रवेश द्वार पर सरकार बदलते ही होर्डिंग पर मुख्यमंत्री का फोटो वाला बोर्ड बदला गया लेकिन नए बोर्ड पर पांवटा से हरिद्वार की दूरी 115 किलोमीटर, देहरादून 65 तथा ऋषिकेश को मात्र 55 किलोमीटर की दूरी दर्शाई गई थी। इन तीनों प्रमुख स्थलों की पांवटा से दूरियां गलत बोर्ड पर अकिंत थीं। गुरु की नगरी पांवटा से धार्मिक तीर्थ स्थल हरिद्वार 106 किमी, देहरादून 45 किलोमीटर व ऋषिकेश करीब 91.4 किलोमीटर दूरी पर है। ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने पर भूल को सुधारा गया। इसके बाद बोर्ड पर लिखी गई दूरी को मिटा दिया गया है।
नेशनल हाईवे के सहायक अभियंता एनके वर्मा ने कहा कि बोर्ड पर दूरियां गलत दर्शाई गई थीं। अब तीनों स्टेशनों की दूरियों को बोर्ड से हटा दिया गया है जिससे लोगों को बोर्ड पर दूरियों से कोई गलत भ्रम न रहे।
