
शिमला। चौपाल के विधायक और वर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक बलवीर वर्मा द्वारा छोटा शिमला के ऐरा होम में बनाए जा रहे फ्लैट्स के नक्शों को खंगाला जाएगा। नगर निगम के आर्किटैक्ट प्लानर राजीव शर्मा मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। स्वीकृत नक्शों और निर्माण स्थल की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि वन मंडलाधिकारी ने मौके पर जाकर कुछ अनियमितताएं पाई हैं। इसके चलते आर्किटैक्ट प्लानर को नक्शों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
छोटा शिमला के ऐरा होम क्षेत्र में विधायक की कंस्ट्रक्शन कंपनी करीब चौदह बीघा भूमि पर 85 फ्लैट्स बना रही है। आरोप है कि कंपनी ने स्वीकृत नक्शों में एक भी पेड़ नहीं दर्शाया है जबकि मौके पर हर बिल्डिंग से दो से चार पेड़ सटे हुए हैं। सोमवार को मौके पर गए निगम के वन मंडलाधिकारी इंद्रकुमार ने जब नक्शाें की जांच की तो कई अनियमितताएं सामने आई हैं। वन मंडलाधिकारी ने मौके से ही निगम आयुक्त और आर्किटैक्ट प्लानर को स्थिति की जानकारी दी। इस पर कार्रवाई करते हुए निगम के आर्किटैक्ट प्लानर राजीव शर्मा ने बलवीर वर्मा द्वारा बनाए जा रहे फ्लैट्स के नक्शों की फाइल को खोल दिया है। नक्शों को जांचने के बाद आर्किटैक्ट प्लानर मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। अगर नक्शों और निर्माण में भिन्नता मिली तो नक्शों को रद करने तक की सिफारिश हो सकती है।
