चरचाओं से शुरू हुई लोस उप चुनाव की गरमाहट

मंडी। मंडी लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संसदीय क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमा गया है। कौन होगा अगला सांसद, प्रमुख दल कांग्रेस व भाजपा से कौन होगा प्रत्याशी। इसे लेकर शहरों के गली मोहल्लों से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों की चौपाल में चरचाएं भी शुरू हो गई हैं। चुनावी घोषणा के साथ ही वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। दोनों दलों के लिए उप चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।
मंडी संसदीय क्षेत्र में उप चुनाव की घोषणा होते ही प्रमुख दल कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ता भी बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर सक्रिय हो गए हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी को लेकर कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति ने तीन नाम केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेज दिए हैं, लेकिन कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। मंडी से पूर्व सांसद रही प्रतिभा सिंह ने भी मंडी दौरे पर संकेत दिए थे कि अगर पार्टी हाईकमान चाहेगी तो वह चुनाव लड़ेंगी। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी जताई है।
मंडी संसदीय क्षेत्र में जिला की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर शेष नौ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इसमें पांच विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस के विधायक हैं, जबकि चार में भाजपा विधायक हैं। विधानसभा सीटों में दोनों दलों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा था। कांग्रेस व भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उप चुनाव जीतने के लिए कमर कस ली है। उप चुनाव की घोषणा के बाद शहर से लेकर गांव तक चुनावी चरचाओं से माहौल गरमाने लगा है।

Related posts